प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

जहां अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति बनी है वहां आम जनता को शुद्ध पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए – कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह

जहां अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति बनी है वहां आम जनता को शुद्ध पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए – कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह

अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति वाले क्षेत्रों में नुकसान का तत्काल सर्वे किया जाए

पशुपालन विभाग मृत पशुओं का डिस्पोज कर बीमार पशुओं का उपचार सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए

कमिश्नर ने संभागीय समय सीमा की बैठक में दिए निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा . रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने संभागीय समय सीमा की बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति वाले ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएं। शुद्ध पेयजल हेतु हैंड पंपों में ब्लीचिंग पाउडर इत्यादि से क्लोरिनेशन अनिवार्य रूप से कराएं। कमिश्नर ने कहा कि अधीक्षण यंत्री क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों का तत्काल सुधार कराकर साफ पानी की आपूर्ति कराएं। उन्होंने नगरीय निकाय के अधिकारियों को शहरी क्षेत्र में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायत में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साफ-सफाई के अभाव में किसी भी प्रकार की वर्षा जनित बीमारी न पनपने पाए। कमिश्नर ने कहा कि पेयजल के सेंपल लेकर जांच कराएं। राजस्व अधिकारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पात्र व्यक्तियों को राहत राशि वितरित करें। कमिश्नर ने पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की वह बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में मृत हुए पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोज करें, साथ ही बीमार पशुओं का उपचार भी प्राथमिकता से करना सुनिश्चित करें। पशु चिकित्सा विभाग का अमला वर्षा जनित क्षेत्र में अनिवार्य रूप से मौजूद रहे और पशुओं का उपचार करे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि मृत एवं बीमार पशुओं से किसी भी प्रकार की महामारी न फैलने पाए। इस दौरान उन्होंने गौशालाओं में रहने वाले पशुओं के चारे एवं पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अतिवृष्टि के चलते रीवा संभाग में पशुओं की मृत्यु हुई है। राहत शाखा से संपर्क कर राहत राशि दिलाई जा रही है।

 

 

कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टीम बनाकर आम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करें और दवाईयां उपलब्ध कराएं कमिश्नर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम की सूची उन्हें उपलब्ध कराई जाए। कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर वस्तु स्थिति का आकलन कर बाढ़ प्रभावितों को अपने विभागीय योजनाओं से राहत देना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में विशेष तौर पर भ्रमण कर उल्टी-दस्त के चिन्हित मरीजों का उपचार कराना भी सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए। कमिश्नर ने विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए कि वह वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। ऐसे क्षेत्रों में स्पेशल टीम की तैनाती करने के निर्देश भी दिए। कमिश्नर ने रीवा-सीधी रेलवे लाइन के लिए विद्युत विभाग को इस्टीमेट देने के भी निर्देश दिए, ताकि रेलवे लाइन का काम शुरू किया जा सके।

 

 

कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई भी जर्जर स्कूली भवन तो नहीं है, यदि जर्जर भवन है तो तत्काल उसकी मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाए। यदि मरम्मत संभव नहीं है तो ऐसे जर्जर भवन को डिस्मेंटल किया जाए। बताया गया कि रीवा जिले में 37, सतना में चार, सीधी एवं सिंगरौली में भी कुछ स्कूल भवन जर्जर स्थिति में हैं जिनके डिस्मेंटल की कार्यवाही एवं मरम्मत की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग यह सुनिश्चित करे कि कोई भी विद्यार्थी जल भराव वाले स्कूली कक्ष में बैठकर शैक्षणिक गतिविधियां न करें। कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग, एनएच, आरआरडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने विभाग की संबंधित सड़क में हुए कटाव को प्राथमिकता से ठीक कर रिस्टोर करें। कमिश्नर ने रीवा-हनुमना रोड सिंगरौली की तीन सड़क, रीवा-मैहर सड़क, नईगढ़ी रोड में हुए कटाव एवं गड्ढों को ठीक करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग को निर्देश दिए की वह अतिवृष्टि से हुई फसल हानि एवं नुकसान का दल बनाकर आकलन करें, साथ ही उन्होंने निर्देश दिए की खाद के लिए किसानों को लंबी-लंबी लाइनों में न लगना पड़े। कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को संभाग के सभी जिलों में स्थित डैम के संबंध में सक्रिय एवं सचेत रहने के निर्देश दिए और कहा कि जब डैम में पानी की आवक ज्यादा हो जाए तो इसके निष्पादन की भी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं।

 

 

कमिश्नर ने महिला बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संभाग के सभी जिलों में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए लगाए जाने वाले शिविरों की संख्या बढ़ाएं एवं गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी चेक अप अनिवार्य रूप से की जाए। कमिश्नर ने गर्भवती महिलाओं मे सीवियर एनीमिया की पहचान कर सभी का इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी एएनएम को गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी सुरक्षित तरीके से कराने का पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जाए। कमिश्नर ने कहा कि किसी भी स्थिति में गर्भवती महिलाओं की घर में डिलीवरी न हो। सभी डिलीवरी नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र एवं चिकित्सालय में की जाए। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का शत-प्रतिशत लक्ष्य जल्द से जल्द पूरा करें। इसके लिए कमिश्नर ने संभाग के सभी जिलों में शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण एवं पाठ पुस्तक वितरण भी शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने स्कूलो में नीट एवं जेईई तथा महाविद्यालयों में यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आगामी 6 माह में सेवानिवृत्त होने वाले अपने अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों की सभी जानकारी एवं डाक्यूमेंट पेंशन कार्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें ताकि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके बकाया स्वत्वों का भुगतान किया जा सके।

 

 

कमिश्नर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में सभी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण एवं लोक सेवा गारंटी में प्राप्त प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में अब तक हुए निराकरण की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने सभी शिकायत एवं प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण कर प्रदेश में रीवा संभाग को प्रथम स्थान पर लाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने 100 दिवस से अधिक की सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की सूची बनाकर सभी शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि पुरानी शिकायतों के साथ नई शिकायतों का भी निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। संभागीय समय सीमा की बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व श्री एलएल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती दिव्या त्रिपाठी सहित सभी विभाग के संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button