बिहारप्रशासनसीतामढ़ी

संभावित बाढ़ को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, प्रशासन अलर्ट मोड में

संभावित बाढ़ को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, प्रशासन अलर्ट मोड में

सीतामढ़ी जिले में बाढ़ की कोई स्थिति नहीं। 

अफवाहों से बचने की की गई अपील।सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर।

बागमती का जलस्तर खतरे की निशान से नीचे। 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में अत्यधिक जलप्रवाह से उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित बाढ़ से प्रभावित होने वाले प्रखंडों के बीडीओ एवं सीओ के साथ स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नदी के जलस्तर, निचले एवं कटाव-प्रवण क्षेत्रों, तटबंधों तथा आवागमन के मार्गों पर सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संभावित परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

 

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से संभावित प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं राहत तैयारियों की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था, पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए सुरक्षित स्थान एवं आवश्यक व्यवस्थाएं तथा संबंधित अधिकारियों को राहत शिविरों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया गया।

 

उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीतामढ़ी जिले में बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है। बागमती नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों तथा नदियों के जलस्तर में संभावित अचानक वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन अलर्ट मोड में है और नदियों के जलस्तर एवं परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आमलोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

 

संभावित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को नदी की धारा, घाट, चचरी/अस्थायी पुल एवं निचले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा जलस्तर में अचानक वृद्धि दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन द्वारा लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडे उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button