
एमएसएमई के विपणन एवं बाजार पहुँच को बढ़ावा देने हेतु सीतामढ़ी में पीएमएस योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी, बिहार
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा आज, 27 अक्टूबर 2026 को होटल श्री इंटरनेशनल, डुमरा रोड, सीतामढ़ी में प्रोक्योरमेंट एंड मार्केटिंग सपोर्ट (पीएमएस) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ सीतामढ़ी के जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुश्री प्रिया भारती, श्री भीमसेन, अन्वेषक, एमएसएमई विकास कार्यालय, मुजफ्फरपुर, भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारी तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को विपणन, गुणवत्ता मानकों, निर्यात संवर्धन तथा नए बाजारों से जुड़ने के संबंध में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान पीएमएस योजना के उद्देश्यों, लाभों तथा उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने उद्यमियों को अपने उत्पादों की बाजार पहुँच बढ़ाने, विपणन गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान महाप्रबंधक महोदया, जिला उद्योग केंद्र, सीतामढ़ी द्वारा राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने, अपने उत्पादों की गुणवत्ता एवं विपणन क्षमता को सुदृढ़ करने तथा निर्यात संवर्धन (Export Promotion) की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से छोटी एवं सूक्ष्म इकाइयों को निर्यात के अवसरों का लाभ उठाने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपनी पहुंच बढ़ाने तथा उपलब्ध सरकारी सहायता एवं प्रोत्साहन योजनाओं का उपयोग कर अपने व्यवसाय का विस्तार करने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही, उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं के उद्देश्यों, लाभों एवं उनके माध्यम से उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर श्री सत्यम कुमार, जेम पटना द्वारा सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पर ऑनबोर्डिंग एवं पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने उद्यमियों को GeM पोर्टल पर पंजीकरण करने, अपने उत्पादों एवं सेवाओं को सूचीबद्ध करने तथा सरकारी खरीद प्रक्रिया में भाग लेकर नए बाजार अवसरों का लाभ उठाने के बारे में बताया।
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के अधिकारियों ने उत्पादों की गुणवत्ता, मानकीकरण तथा गुणवत्ता मानकों के महत्व के संबंध में जानकारी दी। वहीं, एपीडा के अधिकारियों ने निर्यात संवर्धन तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात से संबंधित संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों ने उद्यमियों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स तथा निर्यात के अवसरों का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को सरकारी सहायता, पीएमएस योजना एवं सभी योजनाओं एवं आधुनिक विपणन तकनीकों तथा बाजार के नए अवसरों से अवगत कराकर उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सुदृढ़ करना था।



