
केन्द्रीय जेल रीवा में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व, 6 हजार से अधिक बहनों और परिजनों ने बंदियों से की मुलाकात
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग के निर्देशानुसार 28 अगस्त को केन्द्रीय जेल रीवा तथा रीवा सर्किल के अंतर्गत आने वाली जेलों में निरुद्ध बंदी भाइयों के लिए रक्षाबंधन का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बहनों द्वारा अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। विशेष मुलाकात हेतु पंजीयन की प्रक्रिया प्रातः 07:30 बजे प्रारंभ हुई, जो दोपहर 03:30 बजे तक चली। मुलाकात की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहाँ नाम दर्ज करवाने के पश्चात बहनों को टोकन जारी कर जेल परिसर के अंदर प्रवेश कराया गया। बहनों के साथ 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को भी अंदर जाने की अनुमति प्रदान की गई। जेल प्रशासन की तरफ से बहनों के लिए अक्षत, हल्दी, तिलक और पूजा की थाली की पूरी व्यवस्था की गई थी।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर केन्द्रीय जेल रीवा में 1393 पुरुष और 39 महिला बंदियों से मिलने के लिए उनके परिजनों, भाइयों एवं बहनों द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया गया था, जिसके तहत जेल पहुंचे परिजनों की कुल संख्या 6419 रही। संपूर्ण मुलाकात व्यवस्था को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं नगर निगम का विशेष सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल स्टाफ के साथ-साथ रक्षित निरीक्षक आरक्षी केन्द्र रीवा से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जेल अधीक्षक श्री सतीश कुमार उपाध्याय ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से रक्षाबंधन का पर्व संपन्न कराने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

