
विधायक मऊगंज एवं कलेक्टर ने मौके पर किया 108 प्रकरणों का निराकरण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हनुमना में आयोजित हुआ शिविर
शिविर में हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ तथा उद्यमियों से हुआ संवाद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप शासन को आमजन के और अधिक निकट पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत हनुमना में शिविर आयोजित किया गया। मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जनसुनवाई, विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार सुनवाई की गई। शिविर में कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पात्र पाए गए 108 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसमस्याओं के समाधान के साथ स्वरोजगार को भी मिला प्रोत्साहन
शिविर के दौरान विधायक मऊगंज श्री पटेल एवं कलेक्टर श्री जैन ने स्थानीय उद्यमियों से संवाद किया। उद्यमियों ने क्षेत्र में संचालित अपने उद्योगों की जानकारी साझा करते हुए विस्तार एवं आवश्यक सुविधाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की।
उद्यमी भारती पटेल ने पेवर ब्लॉक निर्माण, राजेश कुमार गुप्ता ने हार्डवेयर तथा विवेक केसरी ने प्रिंटिंग प्रेस उद्योग की जानकारी दी। विधायक श्री पटेल ने युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
कलेक्टर ने कहा कि उद्योगों के विस्तार के लिए आवश्यक विभागीय अनुमतियों एवं प्रक्रियाओं में प्रशासन द्वारा समन्वय कर सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत राधिका कोल को हितलाभ प्रदान किया गया। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत गाड़ा के रामबहोर साहू, ददई कोहार, सावित्री सोनी, श्यामा काली साकेत एवं मिन्नी वर्मा तथा चरैया के भाई लाल साकेत एवं रघुनथिया कोल और देवरा की खैरूनिशा अंसारी को लाभान्वित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

विधायक एवं कलेक्टर ने हनुमना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। बर्थ वेटिंग रूम का निरीक्षण कर वहां गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित अन्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


