
उप विकास आयुक्त ने पुनौरा धाम मंदिर निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति को लेकर की मीटिंग,
गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया विशेष जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
उप विकास आयुक्त ,सीतामढ़ी सुश्री श्वेता भारती ने आज पुनौरा धाम मंदिर परिसर स्थित सभाकक्ष में मंदिर निर्माण एवं परिसर के समग्र विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तृत समीक्षात्मक बैठक की।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी, संबंधित अभियंतागण तथा मंदिर निर्माण कार्य कर रही एजेंसी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एजेंसी द्वारा मंदिर एवं मंदिर परिसर निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति से उप विकास आयुक्त को अवगत कराया गया।
समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों में उपलब्ध मानव संसाधन एवं मशीनरी की वर्तमान स्थिति, अस्थायी निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्माण सामग्री एवं उपकरणों की उपलब्धता, सड़क नेटवर्क के विकास, सार्वजनिक संपर्क मार्गों की प्रगति सहित विभिन्न तकनीकी एवं आधारभूत पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि मंदिर निर्माण एवं पुनौरा धाम परिसर के समग्र विकास से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सरकार की महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में शामिल है, इसलिए प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करते हुए कार्यों में अपेक्षित गति बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। उनके द्वारा सप्ताहित प्रगति की समीक्षा की गई। मंदिर परिसर में जल– जमाव इत्यादि को हटाने के बाबत नगर निगम एवं बुडको को विशेष निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भी आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
आज की समीक्षा बैठक में डीडीसी के द्वारा कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


