
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाएं अधिकारी: डीएम
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डिजिटल लाइब्रेरी, जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्य घर योजना, बीबीजीरामजी योजना, लखपति दीदी, आईजीआरएस, एक जनपद-एक नदी, गौशाला और प्राकृतिक खेती सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का सत्यापन कर शेष कार्य जल्द पूरा कराने तथा कंप्यूटरों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने चिन्हित निर्धन एवं वंचित परिवारों को आयुष्मान कार्ड सहित बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल आर्थिक सहायता से स्थायी बदलाव संभव नहीं है। 18 से 35 वर्ष के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना अभियान का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत विद्यालयों और गांवों में साफ-सफाई, घर-घर कूड़ा उठान तथा गीले-सूखे कूड़े को अलग करने की व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। तालाबों की सफाई और सामुदायिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया गया।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत अगस्त 2026 तक जनपद में 6,926 संयोजन का लक्ष्य निर्धारित है। डीएम ने बैंक अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लक्ष्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बीबीजीरामजी योजना के तहत ग्राम स्तर पर बैठकें कर कार्यों का चिन्हांकन और शीघ्र शुरुआत कराने को कहा गया। उन्होंने बताया कि योजना के करीब 70 प्रतिशत कार्य जल संरक्षण से संबंधित हैं।
एफएमडी टीकाकरण अभियान की समीक्षा में बताया गया कि आठवां चरण 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलेगा। जिलाधिकारी ने गठित 25 टीमों से संवेदनशील क्षेत्रों में पालतू और निराश्रित गोवंश का नि:शुल्क टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बीमार पशुओं को तत्काल अलग कर उपचार कराने तथा गौशालाओं में साफ-सफाई, जलभराव और गोबर उठान की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
एक जनपद-एक नदी अभियान के तहत सिरसा नदी के पुनर्जीवन कार्यों में तेजी लाने और नदी तटों पर व्यापक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए गए। गौशालाओं में हरे चारे का रकबा बढ़ाने, उन्हें चारागाहों से जोड़ने और पौष्टिक चारे की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि, पशुपालन और पंचायत विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। गौशालाओं को प्राकृतिक खेती से जोड़ने तथा किसानों को जीवामृत और घनजीवामृत सहित प्राकृतिक कृषि उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप पशु आहार तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक सतीश कुमार पांडेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत मौजूद रहे।


