उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

भारी बारिश को लेकर औरैया में अलर्ट, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी

भारी बारिश को लेकर औरैया में अलर्ट, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जनपद में तेज बारिश की संभावना जताई है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भारी वर्षा और संभावित बाढ़ से बचाव के लिए आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है।

 

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। बारिश के दौरान घरों में सुरक्षित रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और आवश्यकता पड़ने पर छाता या रेनकोट का इस्तेमाल करने को कहा गया है। जलभराव वाली सड़कों से बचने और वाहन धीमी गति से चलाने की सलाह दी गई है।

 

लोगों से विद्युत खंभों, टूटे या ढीले तारों और ट्रांसफार्मर से दूर रहने तथा गीले हाथों से बिजली के उपकरणों को न छूने की अपील की गई है। आपात स्थिति को देखते हुए मोबाइल फोन चार्ज रखने, जरूरी संपर्क नंबर सुरक्षित रखने और टॉर्च, बैटरी, प्राथमिक उपचार सामग्री व आवश्यक दवाओं वाली आपातकालीन किट तैयार रखने को कहा गया है।

 

प्रशासन ने नालों और जलनिकासी मार्गों को साफ रखने, उनमें कूड़ा न डालने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। संभावित बाढ़ की स्थिति में ऊंचे स्थानों को पहले से चिन्हित करने और बिस्कुट, लाई, भुना चना, गुड़-चूड़ा, नमक, चीनी व सत्तू जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री सुरक्षित रखने को कहा गया है।

 

जरूरी दस्तावेजों को वाटरप्रूफ बैग में रखने, क्लोरीन, ओआरएस और आवश्यक दवाएं रखने तथा सूखे अनाज और पशुओं के चारे को ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। पशुओं का समय से टीकाकरण कराने को भी कहा गया है। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के प्रयोग और सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

 

इन स्थानों पर न जाएं: प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचने को कहा है। तेज बारिश और हवा के दौरान पेड़, होर्डिंग, दीवार और जर्जर मकानों के पास न खड़े हों। क्षतिग्रस्त पुल या पुलिया को पार करने का प्रयास न करें और जलभराव वाली सड़कों पर वाहन न चलाएं।

 

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, उन्हें आगे प्रसारित न करने और किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button