
आकांक्षी जिलों के विकास में मीडिया की भूमिका अहम : पुजार
धाराशिव में ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला, टिकाऊ खेती और आधुनिक तकनीक पर मंथन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान धाराशिव मुंबई
धाराशिव, । पत्र सूचना कार्यालय (PIB), मुंबई की ओर से मंगलवार को धाराशिव में पत्रकारों के लिए ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। ‘आकांक्षी जिलों के लिए टिकाऊ खेती को सुगम बनाना’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में खेती, कृषि पूरक व्यवसाय और आधुनिक तकनीक के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी कीर्तिकिरण पुजार और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंवदा म्हाडदळकर ने किया। जिलाधिकारी पुजार ने कहा कि खेती के साथ मुर्गीपालन, बकरीपालन और मधुमक्खी पालन जैसे कृषि पूरक व्यवसाय किसानों की आय बढ़ाने में मददगार हैं। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिलों के विकास में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। मीडिया को किसानों तक कृषि योजनाओं और उपयोगी तकनीकी जानकारी पहुंचाने के साथ सफल प्रयोगों और किसानों की सफलता की कहानियों को भी सामने लाना चाहिए।
प्रियंवदा म्हाडदळकर ने कहा कि धाराशिव नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल है। टिकाऊ और जैविक खेती को बढ़ावा देकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति दी जा सकती है।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में परमाणु ऊर्जा विभाग के विशेषज्ञों ने कृषि क्षेत्र में परमाणु तकनीक के उपयोग की जानकारी दी। डॉ. विनोद जे. ढोले ने उन्नत एवं रोग प्रतिरोधी फसलों के विकास में परमाणु तकनीक की भूमिका बताई। सचिन हजारे ने विकिरण तकनीक के जरिए खाद्यान्न और फलों की भंडारण क्षमता बढ़ाने तथा खाद्य सुरक्षा के विषय पर जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सचिन सूर्यवंशी ने आधुनिक कृषि तकनीक किसानों तक पहुंचाने में कृषि विज्ञान केंद्र की भूमिका बताई। वहीं केंद्रीय मधुमक्खी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के राहुल काले ने वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन और शुद्ध शहद उत्पादन के बारे में जानकारी दी।
कार्यशाला में PIB की कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा हुई। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी रघुनाथ जाधव और ‘लखपति दीदी’ अनिता देवकड़े ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



