प्रशासनबिहारसंपादकीय

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 10 सितंबर तक 4,000 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 10 सितंबर तक 4,000 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित

डीएम ने अधिकारियों एवं बैंकों को मिशन मोड में कार्य करने का दिया निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार

जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एलडीएम, सीतामढ़ी, कार्यपालक अभियंता विद्युत, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी एवं वरीय उप समाहर्ता श्री आशुतोष श्रीवास्तव उपस्थित थे। वहीं जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

 

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सरकार की एक महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मिशन मोड में कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 10 सितंबर 2026 तक जिले में कम-से-कम 4,000 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित कर अभियान चलाया जाए। इसके लिए सभी बीडीओ, सहायक विद्युत अभियंताओं एवं कनीय विद्युत अभियंताओं के साथ-साथ नगर निकायों के पदाधिकारियों को भी आवश्यक लक्ष्य निर्धारित किए गए।

 

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी कैंप मोड में कार्य करें, स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें तथा योजना के संबंध में व्यापक एवं सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी एवं इसका लाभ आसानी से मिल सके।

 

उन्होंने प्राप्त आवेदनों को शीघ्रता से डिजिटाइज करने, संबंधित वेंडरों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा लंबित प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी बैंकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर ऋण आवेदनों के शीघ्र स्वीकृति एवं वितरण (डिस्बर्सल) की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

 

जिलाधिकारी ने बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से निष्पादित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऋण स्वीकृति एवं ऋण वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी बैंकों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो पदाधिकारी एवं बैंक बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति में प्रभावी योगदान देंगे, उन्हें आगामी लोन मेला में सम्मानित किया जाएगा।

 

अब तक 3,413 आवेदन प्राप्त, 695 इंस्टॉलेशन पूर्ण

 

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कुल 3,413 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 695 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने तथा इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा का लाभ प्राप्त होने के साथ-साथ बिजली के खर्च में कमी लाने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button