प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

कमिश्नर ने जनसुनवाई में विभिन्न आवेदनों की सुनवाई की

कमिश्नर ने जनसुनवाई में विभिन्न आवेदनों की सुनवाई की

किसी ने भूमि के बदले शासकीय नौकरी तो किसी ने पटवारी को निलंबित करने की मांग की

 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा  आम जनों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शासन के निर्देश अनुसार प्रति मंगलवार को जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। कमिश्नर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने संभाग के सीधी, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली, मैहर एवं सतना जिले से आए आवेदनकर्ताओं के आवेदनों पर सुनवाई की और सभी आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम सर तहसील मंनगंवा के सुनील अवस्थी और अन्य लोगों ने कमिश्नर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि रीवा से सीधी रेलवे लाइन हेतु उनकी भूमि अधिग्रहित की गई है। उन सभी ने भूमि के अधिग्रहण के एवज में नियम अनुसार शासकीय नौकरी अथवा विकल्प के रूप में एक मुश्त 5 लाख रुपए की राशि दिलाने की मांग की। कमिश्नर ने सभी आवेदकों को तत्काल एसडीएम चुरहट के पास चुरहट मे मिलने को कहा। कमिश्नर ने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। ग्राम खारा के ग्रामीणों ने पटवारी हल्का जुड़मनिया रघुनाथ में पदस्थ पटवारी को उनके मनमाने व्यवहार के लिए निलंबित करने अथवा उनका स्थानांतरण अन्यत्र करने से संबंधित आवेदन दिया। कमिश्नर ने उक्त प्रकरण को समय सीमा की बैठक में रखने के निर्देश दिए एवं कलेक्टर मऊगंज को उक्त शिकायत की जांच कर समस्या के समाधान कराने के निर्देश दिए।

 

 

ग्राम पहाड़ी जिला सीधी के रामभुवन सेन ने सेवानिवृत शिक्षक श्री मृगेंद्र प्रताप सिंह के फर्जी ईएल देयक पर रोक लगाकर जांच करने की मांग की। उन्होंने बताया कि उक्त शिक्षक ने अपनी सेवा पुस्तिका में ग्रीष्मकाल अवकाश में कार्य किए बिना फर्जी ईएल प्राचार्य से सेवा पुस्तिका मे दर्ज करा लिए हैं। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को उक्त शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम पहाड़ी जिला सीधी के मार्तंड सिंह ने घरों के पास से मिट्टी हटवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि गांव में घरों के आसपास मिट्टी का जमावड़ा हो गया है जिसके कारण घरों में मिट्टी युक्त पानी आने की संभावना है और इससे कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। कमिश्नर ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सीधी को उक्त समस्या का समुचित निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम सेमरी खुर्द तहसील मनगंवा के रामनरेश ने शासकीय तालाब से लेकर सुरेश पटेल के घर तक पुस्तैनी आम रास्ता को शासकीय अभिलेख में दर्ज कराकर 500 मीटर का सीसी रोड बनाने संबंधी आवेदन दिया। कमिश्नर द्वारा संबंधित अधिकारी को आवेदन का परीक्षण कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए गए।

 

 

ग्राम तिवरिगंवा तहसील देवतालाब के गणपति कोल ने अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन दिया। कमिश्नर ने एसडीएम मऊगंज को आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम बगेरी जिला सीधी के रामगोपाल द्विवेदी ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि सिहावल तहसीलदार द्वारा 2 माह से उन्हें परेशान किया जा रहा है। एसडीएम के आदेश का भी पालन नहीं किया जा रहा है । कमिश्नर ने कलेक्टर सीधी को संपूर्ण मामले का परीक्षण कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने, जमीन का सीमांकन कराने, अतिथि शिक्षक के पद पर नियुक्ति देने, जमीन का मुआवजा देने, पेंशन प्रकरण का निराकरण करने, विद्युत लाइन से संबंधित समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। कमिश्नर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व श्री एलएल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती दिव्या त्रिपाठी सहित सभी संबंधित संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button