उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

जनगणना-2027 की तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करें : जिलाधिकारी

जनगणना-2027 की तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करें : जिलाधिकारी

16 से 30 नवम्बर तक होगी स्व-गणना, 01 दिसम्बर से 04 जनवरी तक घर-घर जाकर होगी जनगणना

जनजागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के दिए निर्देश, विद्यालयों में प्रतियोगिताएं एवं ग्राम-शहरों में प्रचार-प्रसार पर रहेगा विशेष जोर।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में जनगणना-2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा जनगणना के प्रत्येक चरण को पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। स्व-गणना पूर्ण करने वाले परिवारों को एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SEID) प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक को दिए जाने हेतु नोट कर सुरक्षित रखना होगा, जिससे प्रगणकों को स्व-गणना की आई.डी. की जानकारी उपलब्ध हो सके।

उन्होंने बताया कि 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इसके उपरांत 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण (रीविजन) कार्य संपन्न कराया जाएगा। जनगणना के लिए 05 जनवरी 2027 00 hours को संदर्भ तिथि (Reference Date) निर्धारित की गयी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणक प्रत्येक परिवार से निर्धारित 40 प्रश्नों के आधार पर सूचनाएं संकलित करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जाति एवं राष्ट्रीयता का विवरण पूर्णतः स्व-घोषणा (Self Declaration) के आधार पर दर्ज किया जाएगा। किसी भी नागरिक से जाति अथवा राष्ट्रीयता के संबंध में कोई प्रमाण-पत्र या अन्य दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में आमजन को सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करायी जाए, जिससे किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो।

बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 50 फील्ड ट्रेनर्स चिन्हित किए जा चुके हैं। इन सभी फील्ड ट्रेनर्स को माह अक्टूबर 2026 में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा 20 नवम्बर 2026 से पूर्व प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे जनगणना कार्य पूरी दक्षता एवं शुद्धता के साथ संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनगणना जैसा राष्ट्रीय महत्व का कार्य तभी सफल होगा, जब आमजन की सहभागिता सुनिश्चित होगी। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पेंटिंग, रंगोली, भाषण, निबंध प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, प्रभात फेरी एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों के माध्यम से जनगणना का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचे।

उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग, बैनर-पोस्टर, होर्डिंग, कूड़ा संग्रहण वाहनों, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) तथा अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए स्व-गणना एवं जनगणना-2027 के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया की उपयोगिता को देखते हुए छोटे-छोटे जागरूकता वीडियो, रील्स एवं डिजिटल प्रचार सामग्री तैयार कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जनगणना संबंधी जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंच सके।

उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा नीति निर्माण का आधार है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में जनगणना की तैयारियों, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, प्रचार-प्रसार की रणनीति तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गयी तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button