
हनुमना को मिली विकास की नई सौगात, आठ करोड़ की लागत से नवनिर्मित तहसील भवन का हुआ लोकार्पण
नवीन भवन से विकास की नई यात्रा प्रारंभ होगी – सांसद श्री जनार्दन मिश्रा
विकास के साथ जन सुविधाओं का विस्तार प्रमुख प्राथमिकता – विधायक श्री प्रदीप पटेल
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज:. हनुमना तहसील में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित संयुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने की। नवीन भवन में तहसील से संबंधित विभिन्न कार्यालयों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि आठ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह भवन क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मऊगंज में लगभग पचास करोड़ रुपए की लागत से कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के भवनों का निर्माण भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य मऊगंज के जिला बनने के बाद विकास की नई यात्रा की शुरुआत का प्रतीक हैं। सांसद ने कहा कि मऊगंज जिले की मांग लंबे समय से चली आ रही थी और जिले के गठन के बाद अब इसे व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि छोटे-छोटे विवादों में उलझने के बजाय जिले के विकास में सकारात्मक सहयोग करें। ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे मऊगंज के संबंध में नकारात्मक धारणा बने, क्योंकि सकारात्मक वातावरण ही जिले की प्रगति को गति देगा।
उन्होंने बताया कि रीवा से मिर्जापुर रेलवे लाइन के लिए सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। मऊगंज क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग पांच हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है और कार्य प्रारंभ हो चुका है। जहां बाणसागर का पानी नहीं पहुंच पाया है, वहां माइक्रो इरिगेशन के माध्यम से गांव-गांव तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का लक्ष्य है।

सांसद श्री मिश्रा ने कहा कि भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि निर्मित इस संयुक्त कार्यालय भवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इससे आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि मऊगंज जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। मऊगंज में कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण जारी है, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे। हनुमना महाविद्यालय के भवन का निर्माण भी किया जा रहा है। जिले में पांच सीएम राइज स्कूल विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें दो विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। विद्यार्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्कूल बसों की व्यवस्था की गई है तथा आधुनिक शिक्षा पद्धति के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को भी गति मिल रही है। एमएसएमई के माध्यम से उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि मऊगंज जिले के सामग्र विकास के लिए सभी को समन्वित होकर अपने अपने दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि हनुमना में निर्मित यह महत्वपूर्ण भवन क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मऊगंज जिला बनने के बाद चौमुखी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मऊगंज को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इस अवसर पर नवीन तहसील भवन परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, श्रीमती संतोष सिंह सिसोदिया,अधिवक्ता संघ अध्यक्ष हरिहर प्रसाद शुक्ला,एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित
रहे।
