
शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस
लंबित शिकायतों को शत-प्रतिशत निराकृत करने के दिए निर्देश – कलेक्टर
कलेक्टर ने दिए जनकल्याणकारी एवं विकास कार्यों की गति लाने के लिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जन विश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी शिविर तक सभी लंबित शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण करना सुनिश्चित करें। बैठक में विगत जन विश्वास कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई और ऐसी शिकायतें जो बिना किसी उचित कारण के अभी भी लंबित हैं, ऐसे संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अगला जन विश्वास शिविर शुक्रवार को नगर परिषद मऊगंज में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने पर जोर दिया। जिले में खाद की उपलब्धता व रैक लगने की जानकारी लेते हुए सभी एसडीएम को खाद के सुचारू वितरण की व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूमि सर्वेक्षण प्रकरणों की शीघ्र रिपोर्ट भेजने, भू-अर्जन समीक्षा, तथा नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा के मामलों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को समग्र ई-केवायसी का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा गया।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, नगरीय विकास विभाग, जल संसाधन, कृषि, लोक स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा, सहित अन्य विभागों में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने तथा विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
