
मलिन बस्तियों में विकास कार्यों के प्रस्तावों का होगा भौतिक सत्यापन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित एवं क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित/मलिन बस्ती विकास योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। योजना के अंतर्गत नगर पंचायत दिबियापुर में 14, बाबरपुर-अजीतमल में 7, बिधूना में 19 तथा नगर पालिका परिषद औरैया में 23 कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और नाली निर्माण के कार्य शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों और नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को सभी प्रस्तावित कार्यों का भौतिक निरीक्षण कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रस्तावित कार्य किसी अन्य जनपद स्तरीय अथवा दूसरी योजना में पहले से शामिल न हों। साथ ही लाभार्थियों की संख्या, कार्यों की प्राथमिकता और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों को क्रमबद्ध किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चन्द्र मौर्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



