स्वामित्व योजना से 20 हजार से अधिक भू-स्वामियों को मिलेगे पंजीयन प्रमाण पत्र
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . प्रदेश के साथ-साथ रीवा जिले में भी स्वामित्व योजना के तहत पात्र भू-स्वामियों को अभियान चलाकर स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। इसके लिए जिले भर में 17 सितंबर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में 20 हजार से अधिक भू-स्वामियों को स्वामित्व योजना से अधिकार अभिलेख पंजीयन प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष पहल पर पात्र हितग्राहियों का चयन करके अधिकार पत्र प्रदान किये जा रहे हैं। इसके लिए पंजीयन विभाग की संपदा पोर्टल का उपयोग किया जायेगा। पटवारी तथा भूस्वामी सारा एप पर ई केवाइसी दर्ज करेंगे। नायब तहसीलदार तथा तहसीलदार पोर्टल के माध्यम से पंजीयन प्रमाण पत्र प्रमाणित करके जारी करेंगे। भूस्वामी को उसके मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन पंजीयन प्रमाण पत्र प्राप्त होगा।
कलेक्टर ने बताया कि पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी तहसीलों में तीन चरणों में तीन-तीन दिवसीय शिविर लगाये जा रहे हैं। प्रथम चरण में 17 सितंबर, 18 और 19 सितंबर को शिविर लगेंगे। इसके बाद 24, 25 और 26 सितंबर को शिविर लगेंगे। तीसरे और अंतिम चरण में एक, दो और तीन अक्टूबर को शिविर लगेंगे। इन शिविरों में स्वामियों की ईकेवाइसी अपडेट की जायेगी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, एडीईओ की ड्यूटी लगाई गयी है। शिविर समाप्त होने के सात दिन के अंदर भूस्वामियों को पंजीयन प्रमाण पत्र जारी कर दिये जायेंगे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार करने तथा वितरण के संबंध में समुचित तैयारी के निर्देश दिए हैं।



