
जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा :- जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता कलेक्टेड स्थित नवीन सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के सुचारू एवं सफल आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि अभियान का मूल भाव ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ है। केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों तथा ऐतिहासिक बदलावों को प्रामाणिक रूप से प्रस्तुत किया जाए। जिलाधिकारी महोदय ने जिले में त्रिस्तरीय समन्वय ढाँचा (जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर) गठित कर सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद स्तर पर सम्पूर्ण अभियान के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट शासन व राज्य स्तरीय पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
जिलाधिकारी महोदय ने समस्त संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पिछले 12 वर्षों (केंद्र) व 10 वर्षों (राज्य) की उपलब्धियों का विधानसभा-वार, विकासखंड-वार एवं ग्राम पंचायत-वार प्रामाणिक डेटा-बैंक तैयार किया जाए। इसके अंतर्गत कोविड टीकाकरण सहित समस्त योजनाओं के लाभार्थियों की अद्यतन सूची तैयार की जाएगी। विकास योजनाओं से आए बदलावों के ‘पहले और बाद’ के फोटो, वीडियो व रील एकत्रित किए जाएंगे तथा युवाओं को 60 सेकंड की रील्स बनाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों, अवस्थापना/कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पंचायती राज संस्थाओं एवं ODOP (एक जनपद एक उत्पाद) की सफलता की कहानियों का अभिलेखन किया जाएगा।
अभियान के 13 प्रमुख कार्यक्रम एवं उनकी समय-सीमा 31 दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को सायं 7:00 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम आयोजित होंगे और नागरिक अपने घरों, मंदिरों, घाटों व पार्कों में दीप प्रज्वलित करेंगे। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के अंतर्गत कक्षा 5-8 हेतु ड्राइंग व कक्षा 9-12 हेतु भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के मध्य ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत सांस्कृतिक टोलियों द्वारा नुक्कड़ नाट्य मंचन (2 अक्टूबर को विशेष मंचन) तथा ‘आंगन का उत्सव’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 दिवसीय उत्सव व पोषाहार वितरण होगा।
इसके साथ ही अभियान अवधि के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के तहत 25 लाख लाभार्थियों की 60 सेकंड की रील्स बनाई जाएंगी तथा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में 150 प्रमुख डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स विकास परियोजनाओं का भ्रमण करेंगे। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के अंतर्गत प्रमुख चौराहे पर ‘सेवा ज्योति’ की स्थापना व रैलियाँ निकाली जाएंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान व 25 मिनट श्रमदान कर नागरिक My Bharat Portal पर डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। विकासखंड स्तर पर 7 दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर आयोजित कर ऑन-द-स्पॉट पात्रता सत्यापन किया जाएगा। ‘रंगोली राष्ट्र’ के तहत 108 मीटर व्यास का भारत मंडल व प्राकृतिक सामग्री से विशाल रंगोली बनाई जाएगी। ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में युवाओं हेतु इनोवेशन प्रतियोगिताएं होंगी और 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ’ में पंचायत से पार्लियामेंट तक 1.25 लाख प्रतिनिधियों का समागम होगा, जिसमें सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा।
अन्य विशेष आयोजन व दिशा-निर्देश अभियान के दौरान जिले के प्रमुख ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों पर लेजर शो का आयोजन किया जाएगा तथा प्रमुख तीर्थों में महायज्ञ व प्रार्थना सभाएं होंगी। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर को आयोजित होने वाला शुभारंभ कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ की महत्वपूर्ण शुरुआत होगी। इस अवसर पर राजकीय भवन में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे तथा जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को भव्य, गरिमापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए, ताकि इसके माध्यम से ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है, इसलिए जनपद में भी अभियान की तैयारियों एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की जनपद स्तरीय समग्र कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
जिलाधिकारी महोदय ने संदेश दिया कि “सेवा संकल्प अभियान केवल प्रशासनिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह जन-जन को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने का पावन अवसर है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत निष्ठा से कार्य करें।”
उक्त बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, उप कृषि निदेशक सतीश कुमार पांडेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, संस्कृत पर्यटन अधिकारी मोहित मनोहर सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।



