प्रशासनबिहाररीवा

सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

 

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम से जिलेभर में जगमगाएंगे सार्वजनिक स्थल

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

सीतामढ़ी जिले में सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के प्रभावी, व्यापक एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आज विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

 

बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक विभिन्न सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण, सद्भाव एवं सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया जाएगा।

जिला स्तर पर 10 आइकॉनिक स्थलों के साथ-साथ सभी प्रखंडों में चिन्हित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं निजी विद्यालयों, पीडीएस दुकानों, पंचायत सरकार भवनों एवं पंचायत भवनों, छात्रावासों, अनुसूचित जाति/जनजाति बैठका स्थलों तथा स्वास्थ्य विभाग के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों सहित अन्य संबंधित स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन किया जाएगा।

कार्यक्रम को जन-जन का उत्सव बनाने के उद्देश्य से इसमें बड़े पैमाने पर आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। विभिन्न विभागों, संस्थानों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर से कार्यक्रम की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करें तथा संबंधित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान आगामी एक माह में विभिन्न विभागों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को विकास एवं जनसेवा की गतिविधियों से जोड़ते हुए सेवा और समर्पण की भावना को और मजबूत करना है।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के साथ सीतामढ़ी में यह अभियान एकता, सहभागिता और सेवा के संकल्प के साथ एक उत्सवी माहौल में प्रारंभ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button