आज आशीर्वाद का दीप जलाने से होगा सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान से जुड़े बिन्दुओं पर कार्यवाही करने के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। अभियान का तिथिवार कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिया गया है। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि सभी नोडल अधिकारी उन्हें सौंपे गए दायित्व को पूरा करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। अभियान में भागीदारी निभाने के लिए उप मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महापौर, नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदगण तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से अनुरोध करें।
कलेक्टर ने कहा है कि अभियान के प्रथम दिन 17 सितम्बर को आशीर्वाद का दीपक जलाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम रिवर फ्रंट में पचमठा घाट में होगा। इसमें 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ-साथ जिले के 10 प्रमुख निर्माण स्थलों पर भी एक-एक हजार दीप जलाए जाएंगे। शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही अपने घरों में शाम में दीपक जलाएंगे। इसी दिन जिले भर में वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान में 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक सभी शिक्षण संस्थानों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित कराएं। इसमें शासन की कल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत की संकल्पना विषय पर केन्द्रित करें। इसमें नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र के लिए तिथिवार कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। इन तिथियों में लोक कलाकार नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देंगे।
कलेक्टर ने कहा है कि अभियान के दौरान 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में आंगन मिलन उत्सव मनाया जाएगा। इसमें बच्चों और महिलाओं को स्वच्छता तथा स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में जागरूक किया जाएगा। टीकाकरण, पोषण स्तर में सुधार तथा सामुदायिक सेवा से लाभान्वितों की सफलता की कहानियाँ भी एकत्रित की जाएंगी। इसके लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आवश्यक प्रबंध करें। विकास कार्यों और उपलब्धियों से जुड़ी कहानी बदलाव की तैयार की जाएगी। इसके लिए जनसम्पर्क विभाग को नोडल बनाया गया है। सभी अधिकारी विभागीय उपलब्धियों तथा लाभान्वित हितग्राहियों की 10 वीडियो बाइट एवं फोटो के साथ सफलता की कहानी जनसम्पर्क कार्यालय को निरंतर उपलब्ध कराएं। 10 अक्टूबर को ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय में विशाल हृयूमन रंगोली बनाई जाएगी। इसी तरह 7 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान 2 अक्टूबर को सभी कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

