
सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस पर लाभार्थियों को वितरित की गई टूलकिट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित, हुनर को रोजगार से जोड़ने पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस पर कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मद्यनिषेध परिषद, उत्तर प्रदेश सरकार के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) बृजेश शुक्ला ने की।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला, सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर उनके दीर्घायु होने की कामना की।
हुनरमंदों को संसाधन देकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना के साथ की गई है। उन्होंने लाभार्थियों से टूलकिट में उपलब्ध उपकरणों का सदुपयोग करते हुए अपने पारंपरिक हुनर को और मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल उपकरण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कुशल कारीगरों एवं मेहनतकश लोगों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है, ताकि रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकें।
जनकल्याणकारी योजनाओं में सहभागिता का आह्वान
सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं के लिए योग्यता एवं प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने के अवसरों तथा उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुशासन को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही। उन्होंने सभी से सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने लाभार्थियों से टूलकिट का अधिकतम उपयोग कर अपने रोजगार एवं पारंपरिक व्यवसाय को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील
प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों पर एक दीपक प्रज्ज्वलित कर सेवा, संकल्प और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देने की अपील की।
लाभार्थियों को वितरित की गई टूलकिट
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने विभिन्न लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की। इस दौरान लाभार्थियों को अपने पारंपरिक कौशल एवं व्यवसाय को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।



