प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाहरणालय में विशेष सोलर शिविर आयोजित

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाहरणालय में विशेष सोलर शिविर आयोजित

 

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक लोगों को योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में विशेष सोलर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया, विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल, मुजफ्फरपुर श्री पंकज राजेश, कार्यपालक अभियंता (एसटीए), मुजफ्फरपुर श्री पंकज कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता, सीतामढ़ी एवं पुपरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राघवेंद्र मणि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

 

शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। साथ ही योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करने वाली विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजना की प्रक्रिया, लाभ, अनुदान तथा सोलर पैनल स्थापना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना ग्रीन इंडिया, क्लीन इंडिया के संकल्प को साकार करने तथा पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में प्रभावी भूमिका निभा सकती है। योजना की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब इसका लाभ जिले के अधिकाधिक परिवारों तक पहुंचे और प्रत्येक इच्छुक घर सौर ऊर्जा की सुविधा से आच्छादित हो।

 

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता केवल उनके क्रियान्वयन तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनभागीदारी और व्यापक जागरूकता से ही उनका उद्देश्य पूरी तरह प्राप्त किया जा सकता है। इस दृष्टिकोण से सभी विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मियों को योजना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें, ताकि वे स्वयं अपने घरों में रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कर योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिले के शिक्षकों के बीच भी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा, राजस्व, आईसीडीएस, स्वास्थ्य, कल्याण एवं जीविका सहित सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्प्रेरक की भूमिका निभा सकते हैं। यदि सरकारी कर्मी स्वयं आगे बढ़कर अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित करते हैं, तो इससे आम लोगों के बीच भी सकारात्मक संदेश जाएगा और योजना के प्रति विश्वास एवं जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

 

योजना के वित्तीय लाभों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा रूफटॉप सोलर पैनल की स्थापना पर आकर्षक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

 

इस अवसर पर विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विशेष सोलर शिविर में उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। शिविर के दौरान सीतामढ़ी विद्युत प्रमंडल में कुल 91 तथा पुपरी विद्युत प्रमंडल में कुल 122 आवेदन निबंधित किए गए। इस प्रकार दोनों प्रमंडलों को मिलाकर कुल 213 आवेदन प्राप्त हुए।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के आगे की प्रक्रिया का प्रभावी अनुश्रवण करते हुए पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button