
सेवा का संकल्प, राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर मऊगंज पहुंची बनारस-वडनगर सेवा यात्रा
बनारस से वडनगर जा रही यात्रा के दो दलों ने जिले में की विभिन्न सेवा गतिविधियां, पिपराही में युवाओ से हुआ संवाद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बनारस से वडनगर के लिए प्रारंभ हुई सेवा संकल्प यात्रा मऊगंज जिले के हनुमना क्षेत्र पहुंची। जिले में यात्रा के दो दलों ने अलग-अलग स्थानों पर सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता कर जनसेवा और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।
यात्रा के प्रथम दल ने मऊगंज पहुंचकर बड़े हनुमान जी मंदिर में दर्शन-पूजन किया तथा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का गायन किया। इसके बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यात्रा दल ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। जनपद कार्यालय के सामने स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया गया। शहीदों की स्मृति में माल्यार्पण के साथ वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
यात्रा दल इसके बाद देवतालाब स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पहुंचा। यहां भगवान शिव के दर्शन-पूजन के साथ मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ते हुए यात्रा दल ने नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर परिसर बनाए रखने का संदेश दिया।सेवा, स्वच्छता, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की भावना से आयोजित विभिन्न गतिविधियों के बाद यात्रा दल रीवा जिले के मनगवां के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दूसरे दल ने आदिवासी बालक आश्रम पिपराही परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके बाद आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। युवा संवाद के दौरान वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर चर्चा करते हुए युवाओं से सेवा, अनुशासन, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। युवाओं ने भी देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
बनारस से वडनगर की ओर बढ़ रही सेवा संकल्प यात्रा ने मऊगंज जिले में धार्मिक आस्था, सेवा भावना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति को एक साथ जोड़ते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया। यात्रा के दोनों दलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर किए गए सेवा कार्यों ने ‘सेवा ही संकल्प और संकल्प ही राष्ट्र निर्माण’ की भावना को सशक्त किया। विभिन्न सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों के बाद द्वितीय दल रीवा जिले के गुढ़ के लिए र
वाना हुई।



