
जिला कल्याण पदाधिकारी ने किया अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण
छात्राओं से संवाद कर जानी समस्याएं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का लिया जायजा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, । जिला कल्याण पदाधिकारी, सीतामढ़ी ने शनिवार, 19 सितंबर 2026 को अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय उच्च विद्यालय, सीतामढ़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं को मिल रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जीविका के बीपीएम एवं अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। दोपहर के भोजन के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। इस दौरान भोजन परोसने वाली जीविका दीदियां निर्धारित यूनिफॉर्म में उपस्थित पाई गईं।
विद्यालय की सभी कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से वन-टू-वन संवाद किया गया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। इसके अलावा कंप्यूटर लैब, साइंस लैब और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया।
विद्यालय के सभी शिक्षकों के साथ बैठक कर आगामी बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर कक्षा संचालन एवं अध्ययन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कक्षा रूटीन तैयार करने का निर्देश दिया गया।
इसी दौरान छात्राओं ने अपनी चित्रकला प्रतिभा का प्रदर्शन किया और चित्रकला के क्षेत्र में उन्हें अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी। अधिकारियों ने छात्राओं की प्रतिभा एवं गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
कैंपस निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गार्ड को परिसर में आने-जाने वाले लोगों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा होमगार्ड जवानों को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

