चाकण-हिंजवड़ी के लिए 1826 करोड़ की विकास योजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई,। चाकण और हिंजवड़ी क्षेत्र में यातायात एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एकीकृत बुनियादी ढांचा विकास योजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। चाकण के लिए करीब 1400 करोड़ रुपये और हिंजवड़ी के लिए 426.54 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं।
चाकण में सड़क, यातायात प्रबंधन और बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र में करीब 78 किलोमीटर प्राकृतिक नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई 70 से 80 प्रतिशत तक पूरी होने की जानकारी दी गई। जून 2027 तक नालों को अतिक्रमण मुक्त कर जल निकासी व्यवस्था पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 38 किलोमीटर लंबी सड़क किनारे नालियों के निर्माण की भी योजना है।
औद्योगिक क्षेत्र में पहले चरण में करीब 75 किलोमीटर सड़कों का सुधार किया जाएगा। इनमें पैदल यात्रियों के लिए अलग मार्ग, सुरक्षित सड़क पार करने की व्यवस्था और जल निकासी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यातायात दबाव कम करने के लिए करीब 500 अतिरिक्त बसों की जरूरत बताई गई है।
चाकण के छह प्रमुख चौराहों के पुनर्विकास के साथ एआई आधारित ट्रैफिक सिग्नल, कैमरे, रडार, वाहन नंबर पहचान प्रणाली और केंद्रीय नियंत्रण कक्ष विकसित करने की योजना है। चाकण क्षेत्र में 1 अक्टूबर से 100 महाराष्ट्र सुरक्षा दल के जवान उपलब्ध कराने की भी जानकारी दी गई।
हिंजवड़ी में यातायात जाम कम करने के लिए 426.54 करोड़ रुपये की योजना के साथ बिजली और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के प्रस्ताव भी रखे गए हैं। दोनों क्षेत्रों में विभिन्न विभागों के समन्वय से विकास कार्य कराने और दिसंबर से काम शुरू करने की योजना बताई गई।

