प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

जिलाधिकारी ने रीगा एवं सुप्पी के प्रखंड-अंचल कार्यालयों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने रीगा एवं सुप्पी के प्रखंड-अंचल कार्यालयों का किया निरीक्षण

राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन एवं जनहितकारी योजनाओं में तेजी लाने का दिया निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा आज रीगा एवं सुप्पी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित प्रशासनिक कार्यों, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आमजन से संबंधित सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। रीगा एवं सुप्पी में जिलाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकासात्मक एवं राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाए। योजनाओं में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो तथा उसका वास्तविक लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचे, यह संबंधित पदाधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों का केंद्रबिंदु जनहित होना चाहिए और आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कार्यालयों में संधारित विभिन्न पंजियों का भी अवलोकन किया। इस क्रम में कैश बुक, आगत-निर्गत पंजी, उपस्थिति पंजी सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण कर उनके संधारण एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमानुसार अद्यतन रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया।

 

 

बैठक में प्रधान मंत्री आवास योजना,ग्रामीण , डब्लू पी यू की प्रगति, राशन कार्ड निर्माण, कायाकल्प अभियान अंतर्गत अद्यतन प्रगति , दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं राजस्व से जुड़े अन्य मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों का नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा आवेदकों को अपने मामलों की प्रगति की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो।

 

नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नल-जल अनुरक्षकों के लंबित भुगतान का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिन नल-जल योजनाओं का संचालन किसी कारणवश लंबित है, उन्हें आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र चालू कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से संबंधित योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।

 

बैठक के पश्चात जिलाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय परिसर का भ्रमण किया तथा विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों में संचालित कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए।

उन्होंने कार्यालय में आने वाले आम लोगों के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनना और उसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करना पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं को टालने के बजाय नियमानुसार उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यालय से कार्य संस्कृति में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और आमजन को भी बेहतर अनुभव प्राप्त होता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन को सरकारी कार्यालयों में सहजता, सम्मान और समयबद्ध सेवा का अनुभव हो। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा आम जनों से मुलाकात भी की गई ।उनकी समस्याओं को समझा गया तथा उसके निष्पादन के बाबत संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मौके पर जिला जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह के साथ प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button