
बच्चों एवं महिलाओं का समग्र विकास शासन की प्राथमिकता – विधायक श्री पटेल
सरदमन, पिपराही और नकवार में आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत आज ग्राम सरदमन, पिपराही एवं नकवार में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल ने सहभागिता कर बच्चों एवं माताओं से संवाद किया तथा आंगनवाड़ी परिसर में वृक्षारोपण किया।
आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को सेवा, पोषण, सीखने, जनभागीदारी और सम्मान के केंद्र के रूप में विकसित करना है। प्रदेश में यह अभियान 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री प्रदीप पटेल ने बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों एवं पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मिठाई एवं लड्डू वितरित किए तथा आंगनवाड़ी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों और माताओं के साथ आयोजित गतिविधियों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करने तथा बच्चों एवं माताओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद को विशेष महत्व दिया जा रहा है। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी शंखधर त्रिपाठी, विकासखंड समन्वयक सर्वेश सिंह गहरवार, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, स्वास्थ्य विभाग से सीएचओ, आशा एवं एएनएम, ग्राम पंचायत सचिव, जीआरएस तथा स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।



