
मलकपुर में 70 वर्षीय महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी बेटा गिरफ्तार
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। कोतवाली औरैया पुलिस ने ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतका का बड़ा बेटा है। पुलिस ने उसे 4 अक्टूबर को चिरहूली पुल के नीचे से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से ग्राम मलकपुर में एक वृद्ध महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। महिला की पहचान श्रीमती देवी पत्नी स्वर्गीय राम आसरे के रूप में हुई। वह अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं। सूचना मिलते ही कोतवाली औरैया पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के सिर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतका के छोटे बेटे वीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मां की हत्या की है। तहरीर के आधार पर कोतवाली औरैया में मुकदमा अपराध संख्या 678/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में बलवान पुत्र स्वर्गीय राम आसरे और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, वांछित आरोपी बलवान की तलाश में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 4 अक्टूबर को सुबह करीब 8:15 बजे उसे चिरहूली पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। उसका परिवार के लोगों से जमीन को लेकर विवाद भी था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले ही अपने हिस्से की जमीन बेच चुका था।
पुलिस का कहना है कि 26 सितंबर को आरोपी शराब के नशे में अपनी मां के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने पहुंचा था। घर में मां के अकेले होने और पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने वृद्ध मां के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर कई बार पटका, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
गिरफ्तार आरोपी
बलवान पुत्र स्वर्गीय राम आसरे, निवासी ग्राम मलकपुर, थाना कोतवाली औरैया, उम्र करीब 45 वर्ष।
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
– जितेन्द्र कुमार तिवारी, थाना प्रभारी, कोतवाली औरैया
– उपनिरीक्षक मो. शकील खां, थाना कोतवाली औरैया, पुलिस टीम के साथ
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


