
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बिधूना तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं
समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
135 शिकायतें प्राप्त, 08 का मौके पर किया गया निस्तारण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बिधूना तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 135 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 08 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और न ही उसे गुमराह किया जाए। शिकायतकर्ता को की गई कार्यवाही की स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार निस्तारण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का परीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बिधूना निवासी अनीता कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन संख्या 116240111290 के माध्यम से आवेदन किया था, लेकिन लगभग एक वर्ष बीतने के बाद भी राशन कार्ड नहीं बन सका है। इस कारण उन्हें सरकारी राशन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक, बिधूना को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार सूरजपुर, बिधूना निवासी उर्मिला देवी ने बताया कि उनके पति की लगभग एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है और उनके भरण-पोषण का कोई साधन नहीं है। उन्होंने पेंशन के लिए एक वर्ष पूर्व पंजीकरण कराया था, लेकिन अभी तक पेंशन का लाभ नहीं मिला है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी, जिला समाज कल्याण विभाग को आवेदन संख्या 316921426401 की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि पात्रता के अनुसार उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
मिशन शक्ति के अंतर्गत समाधान दिवस में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं महिलाओं को सम्मान पूर्वक बैठाकर उनके पास जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर उनकी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ उनका निस्तारण किया जाए। आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों के माध्यम से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे फरियादियों को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा प्रशासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना है। सभी अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह बने रहें और शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समय से न्याय एवं राहत उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिधूना, उप जिलाधिकारी न्यायिक बिधूना निखिल राजपूत, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत कुमार, तहसीलदार बिधूना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, थानाध्यक्ष, लेखपाल एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


