
आदि सेवा केन्द्रों में हर सप्ताह अलग-अलग गतिविधियों का होगा आयोजन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जनजातीय कार्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में स्थापित किए गए आदि सेवा केन्द्रों का नियमित संचालन किया जा रहा है। इन केन्द्रों में 17 अक्टूबर से 17 नवम्बर तक हर सप्ताह अलग-अलग गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग केके पाण्डेय ने बताया कि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निर्धारित गतिविधियों का आदि सेवा केन्द्रों में आयोजन कराएंगे। आदि सेवा केन्द्रों में 17 से 24 अक्टूबर तक स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता, नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच तथा आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की गतिविधि होगी। केन्द्र में 25 से 31 अक्टूबर तक जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के लिए श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 1 से 8 नवम्बर तक आदि सेवा केन्द्र में वित्तीय समावेशन, बैंकिंग, बीमा, डिजिटल साक्षरता तथा कौशल विकास की गतिविधि आयोजित की जाएंगी। केन्द्र में 9 से 17 नवम्बर तक शिक्षा, छात्रवृत्ति, कॅरियर परामर्श तथा सामाजिक कल्याण योजनाओं से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।


