
नवरात्रि को लेकर सीतामढ़ी पुलिस अलर्ट, पूजा पंडालों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी:। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सीतामढ़ी पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती है। पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों के आसपास लगातार पुलिस गश्त की जा रही है तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
सीतामढ़ी पुलिस ने श्रद्धालुओं से नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने, यातायात नियमों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
सीतामढ़ी पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।


