
मऊगंज में हर्षोल्लास से मनाया गया विजयादशमी पर्व
जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा दशहरा मैदान, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ आयोजन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. जिले में असत्य पर सत्य की विजय का पर्व विजयादशमी हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में धार्मिक आयोजनों के साथ पर्व मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित सिंचाई विभाग परिसर के दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन के साथ पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर विधायक श्री प्रदीप पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष श्री बृजवासी पटेल, कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे एवं पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन , अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, एसडीओपी सची पाठक,सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में रामलीला मंडली द्वारा श्री हनुमान लीला का आकर्षक मंचन किया गया। रावण दहन के बाद रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। पर्व के दौरान जिले में उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण रहा।



