
राज्य आयुक्त दिव्यांगजन की अध्यक्षता में मोबाइल कोर्ट आयोजित, 42 शिकायतों का मौके पर निस्तारण।
124 दिव्यांगजनों ने दर्ज कराए परिवाद, शेष शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा विकास भवन, ककोर, औरैया स्थित सभागार में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। मोबाइल कोर्ट में जनपद के 124 दिव्यांगजनों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं परिवादों को दर्ज कराया। आयुक्त महोदय ने उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मोबाइल कोर्ट के दौरान कुल 42 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। इनमें 11 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, 10 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड, 02 राशन कार्ड, 08 आधार कार्ड तथा 11 दिव्यांगजनों की पेंशन से संबंधित शिकायतों का निस्तारण शामिल है।
इसके अतिरिक्त, आयुक्त ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को संबंधित विभागों से जुड़ी शेष 82 लाभार्थी शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराने तथा इस संबंध में अनुपालन आख्या दो सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
मोबाइल कोर्ट में पुलिस अधीक्षक, स्टेशन मास्टर, फफूंद; जिला विकास अधिकारी,परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण; मुख्य चिकित्साधिकारी; जिला पूर्ति अधिकारी; श्रमायुक्त/उपायुक्त, श्रम विभाग; सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम; जिला पंचायतीराज अधिकारी; अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग; जिला समाज कल्याण अधिकारी; जिला विद्यालय निरीक्षक; जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी; अधिशाषी अभियंता, विद्युत वितरण खंड तथा जनपद की समस्त नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशाषी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



