मतदान अभिकर्त्ता को लेकर भ्रामक सूचना पर प्रशासन का स्पष्टीकरण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। जिले में किसी विशेष राजनीतिक दल के मतदान अभिकर्त्ताओं को मतदान केंद्रों पर बैठने से रोके जाने संबंधी प्रसारित हो रही सूचनाओं को प्रशासन ने भ्रामक बताया है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदान अभिकर्त्ता की हस्तपुस्तिका में निर्धारित निर्देशों के अनुसार निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय से प्राप्त अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्त्ता के हस्ताक्षर के नमूने का मिलान किया जाता है।
कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान अभिकर्त्ता बनने का दावा करने वाले व्यक्तियों द्वारा प्रस्तुत प्रपत्र में दर्ज हस्ताक्षर और कार्यालय से प्राप्त हस्ताक्षर नमूने में पूर्णतः भिन्नता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को पीठासीन पदाधिकारी द्वारा मतदान अभिकर्त्ता के रूप में प्रमाणित नहीं किया गया। प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप है।
प्रशासन के अनुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से जारी है।



