‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन 2 नवंबर को रीवा में
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा :मेरा युवा भारत, रीवा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, संवैधानिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन 2 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मॉडल साइंस कॉलेज, रीवा में किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ रखा गया है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया, सुशासन तथा राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं में तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद, नेतृत्व क्षमता एवं समसामयिक विषयों की समझ विकसित करना है, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में निर्धारित पात्रता के अनुसार 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु की गणना की कट-ऑफ तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित है। इच्छुक प्रतिभागियों को केवल माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को अपनी कक्षा 10वीं की अंकसूची एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर तीन प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी। मेरा युवा भारत, रीवा द्वारा जिले के पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने तथा अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की गई है। यह आयोजन युवाओं को अपने विचार साझा करने, नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। मेरा युवा भारत, रीवा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 2 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मॉडल साइंस कॉलेज, रीवा में आयोजित कियाजाएगा।


