
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने विशेष अभियान दिवस पर विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा-भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं एवं प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने हेतु आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय इकदिल, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरारी भरथना, ज्ञानचंद्र हायर सेकंडरी स्कूल इकदिल, सुमन विद्यापीठ इटावा सदर सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने तथा मतदाता सूची में त्रुटियों के संशोधन के लिए निर्धारित प्रारूपों में आवेदन प्राप्त किए जाएं। साथ ही, आमजन को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं आवश्यक संशोधन कराने के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवस पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए।


