
24 अक्टूबर को सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होगा विशेष अभियान दिवस, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन कराने का मिलेगा अवसर
पात्र नागरिक प्रारूप-6, प्रारूप-7 एवं प्रारूप-8 भरकर प्रस्तुत कर सकेंगे दावे एवं आपत्तियां
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा :-जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के उद्देश्य से दिनांक 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के 199-जसवन्तनगर, 200-इटावा एवं 201-भरथना (अ०जा०) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि विशेष अभियान दिवस के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने, अपात्र प्रविष्टियों को हटवाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रारूपों में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए प्रारूप-6, नाम अपमार्जित (हटवाने) के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन, निवास स्थान परिवर्तन एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन के लिए प्रारूप-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए आवेदन अवश्य करें। आवेदन के साथ निर्धारित आवश्यक अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां, जैसे फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित दस्तावेज लेकर जाएं। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) उपलब्ध है, तो उसकी संख्या भी साथ रखें।
जिलाधिकारी महोदय ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों एवं युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे 24 अक्टूबर 2026 को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें तथा आवश्यकतानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें, ताकि निर्वाचक नामावली को अधिकाधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।


