उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ

 

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सुदिति ग्लोबल एकेडमी में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य को सुचारु, व्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं निर्धारित समयावधि में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद औरैया में सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन निर्धारित केंद्रों पर आयोजित किया जा रहा है, जहां नामित फील्ड ट्रेनर्स द्वारा संबंधित कार्मिकों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, दायित्वों एवं आवश्यक तकनीकी पहलुओं के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सुदिति ग्लोबल एकेडमी, औरैया में जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी बृजेश कुमार द्वारा किया गया। इसी क्रम में डायट अजीतमल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी तथा रेपिड ग्लोबल स्कूल, बिधूना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद द्वारा किया गया।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में लगाए गए सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को उनके दायित्वों के प्रति भली-भांति प्रशिक्षित करना है, ताकि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का सही ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों, कार्यप्रणाली, सूचनाओं के सही संकलन, अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यों के समयबद्ध निष्पादन के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।

 

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर देश की जनसंख्या से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियोजन में किया जाता है। अतः जनगणना कार्य में लगे प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सावधानी एवं उत्तरदायित्व के साथ करे।

 

उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रत्येक प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक समझें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित प्रशिक्षकों से उसका समाधान प्राप्त करें। उन्होंने जनगणना कार्य में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, सूचनाओं के संकलन में शुद्धता बनाए रखने तथा सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के महत्व पर बल दिया।

 

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा कार्मिकों को जनगणना की निर्धारित कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा। सुपरवाइजरों को अपने अधीनस्थ प्रगणकों के कार्यों की निगरानी, कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा आवश्यक समन्वय स्थापित करने के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं, प्रगणकों को जनगणना संबंधी सूचनाओं के संकलन, निर्धारित प्रारूपों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य करने तथा उपलब्ध निर्देशों के अनुसार जनसंख्या गणना कार्य संपादित करने की जानकारी दी जाएगी।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया जाएगा कि जनगणना कार्य के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए, जिससे संकलित आंकड़ों की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्मिकों की दक्षता जनगणना कार्य को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

जनपद में तीन प्रशिक्षण केंद्रों पर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाना जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को कार्य के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक समझ प्रदान की जाएगी, जिससे जनपद में जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित समयावधि में सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

उक्त अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सुभाष कुमार, प्रधानाचार्या सहित फ़ील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर तथा प्रगणक आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button