
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में बैठक आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आगामी निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को अंतिम रूप दिए जाने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मतदेय स्थलों के प्रस्तावों पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण तथा मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतदेय स्थलों के संभाजन से संबंधित समस्त कार्यवाही निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण की जाए।
जनपद में विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्र एवं मतदेय स्थलों के संभाजन तथा जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों—199-जसवंतनगर, 200-इटावा, तथा 201-भरथना (अ०जा०) —में संभाजन की कार्रवाई से पूर्व, वर्तमान में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 1,437 थी। इसमें जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 483, इटावा में 458, और भरथना (अ०जा०) में 496 मतदेय स्थल शामिल थे। इसके साथ ही, इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 944 थी, जिसमें जसवंतनगर में 337, इटावा में 242, और भरथना (अ०जा०) में 365 मतदान केंद्र थे।
दिनांक 18.07.2026 को अंतिम प्रकाशन के पश्चात मतदेय स्थल समावेशन की कार्रवाई पूर्ण होने पर संशोधित प्रस्ताव के अनुसार स्थिति में बदलाव आया है। प्रस्तावित संशोधित मतदेय स्थलों की कुल संख्या अब घटकर 1,390 हो गई है, जिसमें जसवंतनगर में 467, इटावा में 441, और भरथना (अ०जा०) में 482 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, संशोधित मतदान केंद्रों की कुल संख्या 940 हो गई है, जिसमें कुल -04 का अंतर आया है। इसके अंतर्गत जसवंतनगर में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 338 (+01 अंतर), इटावा में घटकर 241 (-01 अंतर), और भरथना (अ०जा०) में घटकर 361 (-04 अंतर) हो गई है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा मतदेय स्थलों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के संबंध में विभिन्न सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत की गईं। कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि ने भरथना विधानसभा क्षेत्र के सराय मिठ्ठे स्थित मतदेय स्थल का निरीक्षण/जांच कराए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने अवगत कराया कि सराय मिठ्ठे में नया स्कूल है उसी को बूथ बनाया जाए। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि उदयभान सिंह यादव ने भरथना विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या-47 पर तैनात बीएलओ नीलम सक्सेना के संबंध में बताया कि उनके अवकाश पर रहने के कारण दिनांक 17 एवं 24 अक्टूबर को कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने संबंधित बीएलओ के स्थान पर किसी अन्य कार्मिक की तैनाती किए जाने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त, जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या-321 पर तैनात बीएलओ को बदलने का सुझाव भी प्रस्तुत किया गया।
उक्त बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी भरथना, उपजिलाधिकारी जसवंतनगर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, शिवा कांत चौधरी भाजपा, राजवर्धन भदौरिया भाजपा, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, प्रदीप शाक्य बबलू समाजवादी पार्टी, आशुतोष दीक्षित आइ0एन0सी, डॉ शौकीन सिंह सी0पी0आई0, प्रेम शंकर यादव सी0पी0आई, अंकुर कुमार आप, प्रेरणा जुबैरी कांग्रेस पार्टी, राजेश कुमार वर्मा अपना दल, देव सिंह अपना दल, हरिओम शाक्य बसपा, इकरार अहमद आम आदमी पार्टी, इमरान अहमद बसपा सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।



