
समग्र स्वास्थ्य सेवा पर केंद्रित चेलाराम वुमन्स हेल्थ सेंटर का पुणे में उद्घाटन
किशोरावस्था से लेकर जीवन के प्रत्येक चरण तक महिलाओं को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाला पुणे का अपनी तरह का पहला केंद्र
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : चेलाराम फाउंडेशन की ओर से पुणे के बावधन में चेलाराम वुमन्स हेल्थ सेंटर (सीडब्ल्यूएचसी) का उद्घाटन किया गया. महिलाओं के जीवन के विभिन्न चरणों में उनकी बदलती स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समग्र और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस केंद्र की शुरुआत की गई है.चेलाराम हॉस्पिटल डायबेटिस केयर एंड मल्टीस्पेशालिटी के समीप स्थित इस केंद्र में किशोरियों का स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, रजोनिवृत्ति के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधन, आहार एवं पोषण संबंधी मार्गदर्शन, जीवनशैली से जुड़े रोगों की रोकथाम एवं प्रबंधन, कैंसर की जांच, हड्डियों के स्वास्थ्य की जांच तथा वयस्क टीकाकरण जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी.
इस केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि लेफ्टनंट जनरल डॉ. माधुरी कानिटकर (सेवानिवृत्त), पूर्व कुलपति, महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के हाथों हुआ. इस अवसर पर सम्मानित अतिथि कर्नल प्रा. (डॉ.) हेमलता के. बागला, कुलपति, एचएसएनसी विश्वविद्यालय एवं एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय उपस्थित थीं. वरिष्ठ समाजसेविका लीला पूनावाला, चेलाराम डायबेटिस इंस्टीट्यूट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ए. जी. उन्नीकृष्णन, संस्था के अध्यक्ष एवं व्यवस्थापकीय संचालक विंग कमांडर (डॉ.) हर्षल मोरे (सेवानिवृत्त), चेलाराम हॉस्पिटल डायबेटिस केयर एंड मल्टीस्पेशालिटी की चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. वेदवती पुरंदरे, तथा चेलाराम वुमन्स हेल्थ सेंटर की प्रमुख एवं महिला स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. मंजुषा घुमरे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.



