उत्तर प्रदेशइटावाप्रशासन

दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थी परिवारों को लगभग 1,500 करोड़ रुपये की रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का हुआ वितरण 

दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थी परिवारों को लगभग 1,500 करोड़ रुपये की रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का हुआ वितरण 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा -दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ पात्र लाभार्थी परिवारों को लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया जी ने की। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आयोजित सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में भी खुशहाली और उत्साह हो। दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों को गैस सिलेंडर रिफिल के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराना उनके जीवन में खुशियों की रोशनी लाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में लगभग 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार अपने संकल्प के अनुरूप प्रत्येक वर्ष उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों को दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध करा रही है। पहला सिलेंडर दीपावली तथा दूसरा होली के अवसर पर उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रारंभ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों की माताओं एवं बहनों को लकड़ी और उपलों के धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ ही उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सब्सिडी की धनराशि बिना किसी बिचौलिए और भ्रष्टाचार के सीधे लाभार्थियों के आधार लिंक बैंक खातों में पहुंचे। सरकार द्वारा निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

माननीय सदर विधायक जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज मुख्यमंत्री जी द्वारा उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों के बैंक खातों में सब्सिडी की धनराशि भेजी गई है। जनपद इटावा के लाभार्थियों के खातों में भी लगभग 10 करोड़ रुपये की धनराशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि आज से लगभग 10 वर्ष पूर्व महिलाओं के लिए यह कल्पना करना भी कठिन था कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से उनके बैंक खातों में सीधे धनराशि पहुंचेगी, लेकिन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में यह संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार पूरी ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचा रही है। उन्होंने लाभार्थी बहनों की ओर से माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर माननीय विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की 10 लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी के चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता बनने की प्रक्रिया निरंतर चल रही है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में नागरिक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा के माध्यम से मोबाइल अथवा कंप्यूटर द्वारा स्वयं भी अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान समस्त जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button