
औरैया में धूमधाम से मनाया गया गंगा उत्सव, यमुना तट पर हुई भव्य आरती और दीपदान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी एवं प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में जिला गंगा समिति, औरैया की ओर से गंगा उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना तथा नदी संरक्षण अभियान में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नदियों के महत्व तथा गंगा-यमुना को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया।
इसके बाद औरैया के शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी के तट पर भव्य आरती एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों ने मां यमुना के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए दीपदान किया। साथ ही नदियों को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला गंगा समिति की ओर से आमजन से अपील की गई कि नदियों में कूड़ा-कचरा एवं प्रदूषित सामग्री न डालें और नदी तटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। समिति ने नदी संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
गंगा उत्सव के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और नदियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।


