
महिला मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जिलाधिकारी ने महिला मतदाताओं से लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में महिला मतदाताओं को जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर महिला मतदाताओं को बताया गया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण होना तथा निर्वाचन के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना विशेष महत्व है। मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सशक्त, समावेशी एवं पारदर्शी बनाने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। महिलाएं अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहते हुए स्वयं मतदान करें तथा अपने परिवार, आस-पड़ोस और समाज की अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान करने की पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। अतः सभी पात्र महिलाएं यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम संबंधित विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। यदि किसी पात्र महिला का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, अथवा नाम, आयु, पता आदि से संबंधित कोई त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक संशोधन एवं पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए व्यापक जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएं, जिससे कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की जागरूकता एवं सहभागिता से मतदान प्रतिशत में वृद्धि के साथ-साथ निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समावेशी निर्वाचन की परिकल्पना को भी साकार किया जा सकता है। इसलिए सभी महिलाएं निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में जानकारी देते हुए मतदाता पंजीकरण, नामावली में संशोधन तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं से अपील की गई कि वे मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सशक्त महिला, जागरूक मतदाता और सक्रिय भागीदारी ही मजबूत लोकतंत्र का आधार है। प्रत्येक पात्र महिला मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा प्रत्येक निर्वाचन में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो, इसी उद्देश्य से जनपद में मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित भारी संख्या में महिला मतदाता आदि उपस्थित रहे।


