
49 वर्षों से चली आ रही मां काली की पूजा परंपरा के बीच सांस्कृतिक रंगों से सजा बैरगनिया महोत्सव, भव्य आयोजन का हुआ शुभारंभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
बिहार एवं नेपाल के कलाकारों ने बिखेरी कला-संस्कृति की छटा, रंगोली, चित्रकला, मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में स्थानीय प्रतिभाओं को मिला मंच
आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के अनूठे संगम के रूप में प्रसिद्ध बैरगनिया में दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले बैरगनिया महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। माननीय विधायक श्री बैद्यनाथ प्रसाद, अपर समाहर्ता संजीव कुमार,सभापति श्रीमती सिंधु गुप्ता,अध्यक्ष रितेश जायसवाल तथा अन्य आगंतुक अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया ।कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव ने क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।
बैरगनिया का प्रसिद्ध मां काली मंदिर पिछले 49 वर्षों से चली आ रही पूजा परंपरा के कारण श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र रहा है। दीपावली के अवसर पर यहां मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है, जिसमें बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह परंपरा आज बैरगनिया की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिला अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच
धार्मिक आयोजन के अगले दिन आयोजित बैरगनिया महोत्सव में कला और संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। महोत्सव के तहत रंगोली, चित्रकला, मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तथा पड़ोसी देश नेपाल से पहुंचे कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को भी और प्रगाढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नशामुक्त बिहार का भी दिया गया संदेश

महोत्सव के आयोजन के साथ नशामुक्त बिहार अभियान का संदेश भी प्रसारित किया गया। ‘स्वस्थ युवा–समृद्ध बिहार’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
बैरगनिया महोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता को जोड़कर सामुदायिक सहभागिता को नई दिशा दी जा सकती है। मां काली की 49 वर्षों पुरानी पूजा परंपरा और बैरगनिया महोत्सव का यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध कर रहा है।
मौके पर सभापति श्रीमती सिंधु गुप्ता, रीगा प्रखंड विकास अधिकारी,कला संस्कृति अधिकारी ,अध्यक्ष रितेश जायसवाल के साथ अन्य पदाधिकारी,समाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।



