
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी आम जनों की समस्या
जनसुनवाई में 35 आवेदन प्राप्त, आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण के दिये निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं तथा आवेदकों को भी निराकरण की स्थिति से अवगत कराएं।
जनसुनवाई में ग्राम भगदेवा निवासी विश्राम पाण्डेय ने धान विक्रय की राशि में से ऋण समायोजन में त्रुटि का आवेदन दिया । कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम कोलहा निवासी सितबिया साहू ने सेवा सहकारी समिति बिछरहटा की जांच कराने का आवेदन दिया । कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत राजाधौ निवासी राकेश कुमार मिश्र ने पी.सी.सी. रोड निर्माण की जांच की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मऊगंज तहसील के अतिथि शिक्षक आनंद प्रताप सिंह बघेल ने रिक्त पद पर नियुक्ति हेतु आवेदन दिया, इसी प्रकार ग्राम पाड़र निवासी कृष्णाकान्त द्विवेदी ने धान उपार्जन हेतु भूमि का परिमार्जन एवं गिरदावरी कराने के संबंध में आवेदन दिया। इसके अलावा ग्राम खैरागढ़ निवासी देवशरण साहू ने भूमि के खसरा सुधार कराने की मांग की। कलेक्टर ने सभी आवेदनों में कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। संबंधित अधिकारी प्रकरणों का परीक्षण कर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को इसकी सूचना भी दें। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, एसडीएम हनुमना राजेश कुमार मेहता, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

