
सीतामढ़ी: बंद स्कूल में रौशनदान काटकर घुसा युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा
मोटर चोरी की आशंका में ग्रामीणों ने दबोचा, युवक ने कहा— गांजा पीने के लिए स्कूल में घुसा था
रिपोर्ट :कुणाल किशोर
स्थान सीतामढ़ी बिहार
पुनौरा (सीतामढ़ी)। पुनौरा थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय में चोरी की आशंका का मामला सामने आया है। स्कूल बंद रहने के दौरान एक युवक रौशनदान के रास्ते विद्यालय परिसर में घुस गया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि देखकर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों को आशंका थी कि युवक स्कूल में लगे पानी के मोटर की चोरी करने के इरादे से अंदर घुसा था।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बंद था। इसी दौरान आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर विद्यालय भवन के रौशनदान के पास हो रही गतिविधियों पर पड़ी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने स्कूल परिसर की घेराबंदी कर दी। इसके बाद युवक को बाहर निकलने के लिए कहा गया। बाहर आते ही ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान पुनौरा गांव निवासी अमरेश राय के पुत्र कन्हाई कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक ने बताया कि वह चोरी करने नहीं, बल्कि गांजा पीने के लिए स्कूल में घुसा था। उसने यह भी बताया कि रौशनदान ऊंचाई पर होने के कारण बाहर मौजूद एक साथी ने उसे अंदर चढ़ने में मदद की थी।
हालांकि, ग्रामीणों ने युवक पर विद्यालय में लगे पानी के मोटर की चोरी की नीयत से घुसने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर पुनौरा थाना ले गई।
इस संबंध में पुनौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक को डायल 112 की टीम ने थाने के सुपुर्द किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके साथी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। स्कूल प्रशासन या ग्रामीणों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


