
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया पुणे जिला परिषद के प्रवेश द्वार का नामकरण और अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण
अमित शाह बोले– स्वर्गीय अजित पवार ग्रामीण विकास और सहकारिता क्षेत्र के चलते-फिरते ज्ञानकोष थे, नई पीढ़ी के नेतृत्व के लिए एक विश्वविद्यालय के समान है उनका कार्य
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा– अजितदादा का अनुशासन, निर्णय क्षमता और कार्यशैली आज भी सभी के लिए प्रेरणादायक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुणे जिला परिषद के यशवंतराव चव्हाण सभागार में स्थापित दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अर्धप्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही जिला परिषद के प्रवेश द्वार का नामकरण ‘लोकनेते अजितदादा पवार प्रवेश द्वार’ किया गया।
इसके बाद नेहरू मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वर्गीय अजित पवार के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अजितदादा को दुग्ध संघों, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, चीनी मिलों, शहरी सहकारी बैंकों और जिला सहकारी बैंकों के कामकाज की गहरी जानकारी थी। वे ग्रामीण विकास और सहकारिता क्षेत्र के चलते-फिरते ज्ञानकोष थे। उनकी कार्यशैली नई पीढ़ी के राजनीतिक नेतृत्व के लिए एक विश्वविद्यालय के समान है।
अमित शाह ने कहा कि अजित पवार अंतिम समय तक पुणे जिले, बारामती और पिंपरी-चिंचवड़ की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहे। सर्वोच्च पदों पर रहने के बावजूद आम लोगों से उनका जुड़ाव बना रहा। उन्होंने चीनी मिलों पर आयकर के मुद्दे को हल कराने के लिए लगातार प्रयास किए। कोरोना महामारी के दौरान भी उनकी कार्यक्षमता और नागरिकों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास उल्लेखनीय रहे।
उन्होंने कहा कि बारामती के विकास में अजित पवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा था। काम का नियोजन, अनुशासन, समयबद्धता और लक्ष्य प्राप्त करने की उनकी क्षमता से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
फडणवीस बोले– अजितदादा की कार्यशैली और अनुशासन हमेशा याद रहेंगे

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अजित पवार दृढ़ इच्छाशक्ति वाले, अनुशासनप्रिय और प्रशासन पर मजबूत पकड़ रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। पुणे जिला परिषद के कामकाज को दिशा देने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि अजितदादा स्पष्टवादी थे। जिस बात से सहमत होते थे, उसके समर्थन में मजबूती से खड़े रहते थे और जो बात उचित नहीं लगती थी, उसे स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर देते थे। वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी आर्थिक अनुशासन बनाए रखा। विकास कार्यों में धन का उचित उपयोग, गुणवत्ता और परिणामों पर उनका विशेष जोर रहता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुबह छह बजे से काम के लिए तैयार होकर सात बजे से कार्य शुरू करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। महाराष्ट्र की अनेक विकास परियोजनाओं पर उनकी कार्यशैली की छाप दिखाई देती है। उन्होंने यह भी बताया कि अजित पवार के दुर्घटनाग्रस्त निधन की जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द प्राप्त करने के लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है।
एकनाथ शिंदे बोले– पुणे जिले के विकास के शिल्पकार थे अजितदादा

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अजित पवार का पुणे और बारामती से राजनीतिक संबंधों से बढ़कर भावनात्मक जुड़ाव था। सहकारिता क्षेत्र की उन्हें गहरी समझ थी। पुणे मेट्रो, रिंग रोड और यातायात की समस्याओं के समाधान जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में उनकी भूमिका अहम रही।
उन्होंने कहा कि अजित पवार की दूरदृष्टि से शुरू हुई विकास परियोजनाओं को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सुनेत्रा पवार ने किया विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि अजितदादा की प्रतिमा का अनावरण भावनात्मक क्षण है। जिस पुणे जिले के विकास के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, उसी जिला परिषद परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित होना गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि अजितदादा का ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और आम नागरिकों से गहरा जुड़ाव था। वे केवल इमारतों के निर्माण तक सीमित नहीं रहते थे, बल्कि गांवों के लोगों का भविष्य संवारने को प्राथमिकता देते थे। उनकी स्मृति को जीवित रखने के लिए प्रत्येक गांव, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि अजितदादा के अधूरे सपनों और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।
‘कर्मयोगी दादा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन

कार्यक्रम में पुणे जिला परिषद अध्यक्ष वीरधवल जगदाले ने प्रस्तावना के दौरान ग्रामीण विकास में अजित पवार के योगदान की जानकारी दी। इस अवसर पर अजित पवार के कार्यकाल में हुए ग्रामीण विकास कार्यों पर आधारित विशेष फिल्म प्रदर्शित की गई। साथ ही ‘कर्मयोगी दादा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया।
दुर्लभ तस्वीरों की प्रदर्शनी में दिखा अजित पवार का जीवनकार्य

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य अतिथियों ने स्वर्गीय अजित पवार के जीवन और कार्यों पर आधारित ‘ट्रिब्यूट गैलरी’ का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में पुणे जिला परिषद और ग्रामीण विकास में उनके योगदान को दुर्लभ तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
इसमें स्वास्थ्य, तीर्थक्षेत्र विकास, ई-गवर्नेंस, जल संरक्षण, सिंचाई, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, ग्राम विकास और महापुरुषों के स्मारकों के निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके कार्यों को दर्शाया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, योगेश कदम, विधानसभा उपाध्यक्ष अन्ना बनसोडे, सांसद सुप्रिया सुले, पार्थ पवार, पूर्व मंत्री दिलीप वळसे पाटिल, रवींद्र चव्हाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


