महाराष्ट्रपूणेरीवा

अमित शाह ने किया भारत इतिहास संशोधक मंडल के ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण प्रोजेक्ट का लोकार्पण

अमित शाह ने किया भारत इतिहास संशोधक मंडल के ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण प्रोजेक्ट का लोकार्पण

अब दुनिया भर के शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों को ऑनलाइन उपलब्ध होंगे मराठा इतिहास के दुर्लभ दस्तावेज; पहले चरण में 10 हजार ऐतिहासिक दस्तावेज वेबसाइट पर उपलब्ध

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान पुणे महाराष्ट्र 

पुणे, । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुणे में भारत इतिहास संशोधक मंडल के ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

भारत इतिहास संशोधक मंडल पिछले 116 वर्षों से ऐतिहासिक शोध और दस्तावेजों के संरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। मंडल में संरक्षित दुर्लभ ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से मराठा इतिहास को देश-दुनिया के सामने लाने के उद्देश्य से यह डिजिटलीकरण परियोजना शुरू की गई है। वर्ष 2021 में शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे की उपस्थिति में इस परियोजना का शुभारंभ हुआ था। अब इसके पहले चरण का लोकार्पण किया गया।

 

इस परियोजना के तहत मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.bismarchives.in पर दुर्लभ ऐतिहासिक दस्तावेजों और महत्वपूर्ण धरोहरों की चित्रों सहित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मंडल के पास लगभग तीन लाख ऐतिहासिक दस्तावेज हैं, जिनके करीब साढ़े छह लाख पृष्ठों की डिजिटल प्रतियां चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। पहले चरण में लगभग 10 हजार ऐतिहासिक दस्तावेज वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

 

इन दस्तावेजों में बखर, मुगल फरमान, हस्तलिखित पांडुलिपियां, ताम्रपत्र, चित्र, नक्शे, मूर्तियां, शस्त्र, शिलालेख, भूमि संबंधी दस्तावेज और दुर्लभ पुस्तकें शामिल हैं। इस पहल से भारतीय इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण और दुर्लभ जानकारी दुनिया भर के इतिहासकारों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और इतिहास प्रेमियों को आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

 

मंडल के अध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक स्तर पर शोध एवं अध्ययन के लिए उपलब्ध कराना है।

 

इस डिजिटलीकरण परियोजना का कार्य चिन्मय भंडारी और मिथिलेश कुलकर्णी की ज्ञानसा कंपनी ने माइंडस्केप हब के सहयोग से पूरा किया है। परियोजना में मुरकुंबी इतिहास उपक्रम और भांडारकर प्राच्यविद्या संशोधन मंदिर का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

 

इस अवसर पर मुरकुंबी इतिहास उपक्रम के नरेंद्र मुरकुंबी, मंडल के अध्यक्ष प्रदीप रावत, सचिव पांडुरंग बलकवडे और कोषाध्यक्ष नंदकुमार निकम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button