
कलेक्टर ने नगर परिषद हनुमना का किया निरीक्षण, शहर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने नगर परिषद हनुमना कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों तथा शासकीय कार्य सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं। इसी क्रम में कलेक्टर ने हनुमना मुख्य बाजार का निरीक्षण कर सीधी मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग पर आए दिन जाम लगने तथा लंबे समय से मरम्मत कार्य नहीं होने से नागरिकों को हो रही असुविधा पर संज्ञान लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री ओगरे ने वार्ड क्रमांक 07 में प्रस्तावित नवीन बस स्टैंड के स्थल का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही बहरी-हनुमना-सीधी मार्ग की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने संबंधी प्राप्त शिकायत पर स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हनुमना टोल प्लाजा के प्रबंध संचालक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कंपनी के एमडी को पांच दिवस के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ करने के कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में कार्य प्रारंभ नहीं होने पर कंपनी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्री आशुतोष गुप्ता , एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, सीएमओ नगर परिषद हनुमान सुरेश सोनवानी,तहसीलदार शिवम गौतम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे



