प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सेना भर्ती रैली के लिए समय पर होंगे सभी प्रबंध – श्रीमती देशमुख 

सेना भर्ती रैली के लिए समय पर होंगे सभी प्रबंध – श्रीमती देशमुख 

अधिकारी सौंपे गए दायित्व के अनुसार भर्ती रैली में जिम्मेदारी निभाएं – श्रीमती देशमुख 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा . भारतीय थल सेना द्वारा रीवा में 27 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक अग्निवीर सैनिकों की भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। भर्ती रैली स्पोर्ट्स काम्पलेक्स तथा आईटीआई रीवा में आयोजित होगी। भर्ती रैली की व्यवस्थाओं के संबंध में तैयारी बैठक कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कहा कि भर्ती रैली में रीवा सहित 15 जिलों के चुने हुए उम्मीदवार शामिल होंगे। प्रतिदिन लगभग 550 उम्मीदवारों की मेडिकल तथा फिजिकल टेस्ट होगा। भर्ती रैली के संबंध में संबंधित अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। सेना के अधिकारियों से समन्वय बनाकर भर्ती रैली के लिए समय पर आवश्यक प्रबंध करें। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्व के अनुसार भर्ती रैली में दी गई जिम्मेदारी निभाएं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि उप संचालक रोजगार तथा जिला खेल अधिकारी भर्ती रैली के लिए आवश्यक प्रबंध करें। रैली स्थल पर नगर निगम द्वारा पेयजल एवं साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए टीम तैनात कर दें। जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस निर्धारित संख्या में कम्प्यूटर तथा कम्प्यूटर आपरेटर तैनात करके उम्मीदवारों के अभिलेखों के सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग स्पोर्ट्स काम्पलेक्स मैदान में प्रतिदिन पानी के छिड़काव, रोलर चलाने तथा आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराएं। प्राचार्य आईटीआई भर्ती रैली के लिए आने वाले सेना के 150 सदस्यीय दल के ठहरने के लिए आईटीआई छात्रावास तथा नवनिर्मित दिव्यांग छात्रावास में व्यवस्था कराएं। इन दोनों स्थलों में ठहरने, भोजन, साफ-सफाई, पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था करें। संभागीय अधिकारी बीएसएनएल भर्ती स्थल पर इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराएं। अधीक्षण यंत्री विद्युत मंडल उप संचालक रोजगार के सहयोग से एथलेटिक्स ट्रैक पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था करें। भर्ती स्थल में जनरेटर की भी व्यवस्था करें।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि जिला परिवहन अधिकारी सेना की टीम को दो बसें तथा 10 जीप एवं कार उपलब्ध कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी उम्मीदवारों के लिए शिक्षा महाविद्यालय का हाल ठहरने के लिए समुचित व्यवस्थाओं के साथ उपलब्ध कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भर्ती स्थल पर मेडिकल टीम के साथ दो एंबुलेंस तैनात रखें। फिजिकल टेस्ट के समय उम्मीदवारों को उपचार की सहायता की आवश्यकता हो सकती है। यदि किसी व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता है तो तत्काल जिला अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क करके व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

बैठक में डायरेक्टर आर्मी रिक्रूटिंग सेंटर जबलपुर कर्नल रितिक खानजोड़े ने बताया कि उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा ऑनलाइन ले ली गई है। इसमें से चयनित लगभग 3500 उम्मीदवार भर्ती रैली में शामिल होकर फिजिकल और मेडिकल टेस्ट देंगे। उनकी अंकसूची, आधार कार्ड तथा अन्य दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। सेना की भर्ती टीम आईटीआई के छात्रावास में रूकेगी। इसकी पार्किंग में ही रात 11 बजे से उम्मीदवारों के फिजिकल टेस्ट की तैयारी की जाएगी। स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में सुबह 3 बजे से फिजिकल टेस्ट आरंभ होगा। प्रतिदिन 550 से 600 तक उम्मीदवार शामिल होंगे। स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से उम्मीदवारों के ठहरने की व्यवस्था सामुदायिक भवन में की जा सकती है। भर्ती स्थल में उम्मीदवारों के लिए भुगतान के आधार पर नाश्ते की भी व्यवस्था की जाए। इसके लिए दीनदयाल चलित रसोई का भी उपयोग किया जा सकता है। भर्ती रैली के संबंध में प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी संभागीय जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से मीडिया को दी जाएगी। बैठक में उप संचालक रोजगार अनिल दुबे ने भर्ती रैली के लिए किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने बैठक में बताया कि भर्ती रैली स्थल पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पूरे इंतजाम रहेंगे। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय, प्राचार्य आईटीआई सौरव शुक्ला, उपायुक्त नगर निगम प्रकाश द्विवेदी, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग नितिन पटेल, जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश ताण्डेकर, जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस आशीष दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी, डीएसपी यातायात एसपी मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button