
कमिश्नर ने संभाग के विभिन्न जिलों से आए आवेदनकर्ताओं के आवेदनों पर की सुनवाई
किसी ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, तो किसी ने निलंबन अवधि समाप्त कर पुनः नौकरी में बहाल करने के संबंध में दिया आवेदन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . प्रति मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आम जनों की समस्या एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाता है। कमिश्नर कार्यालय में आयोजित संभागीय जनसुनवाई में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रीवा, सतना, मैहर, सीधी, सिंगरौली एवं मऊगंज जिले से आए आवेदनकर्ताओं के आवेदनों पर सुनवाई की तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम हरदहन तहसील जवा जिला रीवा के रामसुशील माझी ने कमिश्नर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी माताजी श्रीमती कुसुम कुमारी माझी जो सहायक शिक्षिका थी उनका देहावसान 9 मार्च 2025 को सेवाकाल के दौरान हो गया था। उन्होंने समस्त दस्तावेज जिला शिक्षा कार्यालय में मई 2025 में ही जमा कर दिए थे, किंतु आज दिनांक तक उन्हें अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिली है, इसके बजाय अगस्त 2026 में आवेदन करने वाले लोगों को अनुकंपा नियुक्ति दे दी गई है। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे निलंबित प्राचार्य श्री ज्ञानेंद्र कुमार तिवारी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वह शासकीय हाईस्कूल बम्होरी जिला रीवा में पदस्थ थे। एक महिला शिक्षिका द्वारा निराधार एवं असत्य शिकायत के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने निलंबन अवधि को कार्य अवधि मानते हुए निलंबन समाप्त करते हुए उन्हें पुनः नौकरी में बहाल करने की मांग की। कमिश्नर ने स्थापना शाखा को तत्संबंध में जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम दुआरी तहसील गुढ़ की मीना अग्निहोत्री ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि नायब तहसीलदार द्वारा एक पक्षीय बेदखली की कार्रवाई की गई। उनका घर गिराया गया और रास्ता रोके जाने की धमकी दी गई। कमिश्नर ने कलेक्टर रीवा को उक्त आवेदक का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आए सीधी जिले के वीरेंद्र परिहार ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि रामपुर नैकिन के सर्वे नंबर 14 और 15 का खसरा त्रुटि पूर्ण होने के चलते हिस्सेदारी में आपसी बंटवारा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने राजस्व अभिलेख में सुधार करने की मांग की। कमिश्नर ने उपायुक्त राजस्व को उक्त आवेदक के संबंध में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि कार्रवाई से संबंधित आवेदनकर्ता को भी अवगत कराया जाए। नयागांव की सुधा कोल ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पट्टे की जमीन पर कतिपय एक व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत रूप से जबरन कब्जा कर लिया गया है। वह व्यक्ति उनकी पुरानी दीवार को तोड़कर ईट एवं पत्थर भी चुरा कर ले गया है। उन्होंने उस व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की और अवैध कब्जा हटाने की मांग की। कमिश्नर ने एसडीएम रघुराजनगर को आवेदन का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गोविंदगढ़ के शिवम सिंह ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम परसिया जिला मैहर में दांडी बाबा सागर तालाब की मेढ़ पर जहां से लोगों का आना-जाना होता है वहां पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। साथ ही भविष्य में तालाब की जमीन पर भी अतिक्रमण होने की संभावना है। उन्होंने समय रहते सभी अवैध कब्जा हटाने की मांग की । कमिश्नर ने कलेक्टर मैहर को मौका निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रीवा की श्रीमती विमला गुप्ता ने बताया कि वह लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत हुई है। अभी तक विभाग ने उनकी ग्रेज्युटी एवं पेंशन नहीं दी है, उनका कहना था कि वह बीमार रहती है। उन्होंने पेंशन एवं ग्रेज्युटी दिलाने की मांग की। कमिश्नर ने चीफ इंजीनियर लोक निर्माण विभाग को उक्त आवेदक का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम टिकारिया जिला सतना के लक्ष्मीकांत शुक्ला ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि पटवारी विजय बहादुर सिंह हलका कोलगवा ने ईमानदारी पूर्वक पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किया है और उन्होंने अपनी पत्नी के नाम धारणाधिकार पट्टा बना लिया है। कमिश्नर ने कलेक्टर सतना को उक्त पटवारी की जांच करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आए ग्राम धवारी जिला सतना के विष्णु कुमार मिश्रा ने आवेदन प्रस्तुत कर कलेक्टर कार्यालय सतना में पदस्थ लिपिक विवेक सिंह परिहार का निर्वाचन पर्यवेक्षक पद हेतु प्रस्ताव के संबंध में आपत्ति दर्ज कराई और बताया कि विवेक सिंह अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। कमिश्नर ने कलेक्टर सतना को तत्संबंध में जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार , डिप्टी कलेक्टर पीयूष भट्ट सहित सभी संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

